सागर, जीशान खान। मध्य प्रदेश के सागर जिले के नरयावली में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 63.41 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया, साथ ही बोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति केवल शब्द नहीं, बल्कि समाज की आधारशिला है। महिलाओं के सशक्तिकरण से परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने शिक्षा को महिला सशक्तिकरण का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के आदर्श केंद्र बनेंगे और सरकारी स्कूल निजी स्कूलों को पीछे छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यह विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता की प्रेरणा का प्रतीक है। सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है और महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष बताते हुए कहा कि सरकार 2700 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदेगी और किसानों के हितों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

