देवरी (त्रिवेंद्र जाट)। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर देवरी नगर में बजरंग अखाड़ा द्वारा भव्य हिंदू आम सभा एवं विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अखाड़ा संरक्षक मयंक चौरसिया ने किया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित सभा में मुख्य अतिथि पूजनीय संत श्री 108 त्यागी जी महाराज (मृगन्नाथ धाम) रहे, जबकि अध्यक्षता तरस्वी उपाध्याय ने की। मुख्य वक्ता के रूप में हरिद्वार से आए गौतम खट्टर ने हिंदू समाज में एकता और संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया।


सभा को संबोधित करते हुए त्यागी जी महाराज ने कहा कि हनुमान जयंती हिंदू समाज के लिए अत्यंत पावन दिवस है, जिसे सभी को उत्साहपूर्वक मनाना चाहिए। वहीं गौतम खट्टर ने समाज में जातिवाद और भेदभाव को समाप्त कर एक मजबूत संगठन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अल्केस जैन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सभा के पश्चात बजरंग अखाड़ा द्वारा विशाल शोभा यात्रा निकाली गई, जो सरस्वती शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। समापन स्थल पर उपस्थित हजारों लोगों के लिए प्रसादी के रूप में भोजन की व्यवस्था भी की गई।