बटियागढ़,राजेन्द्र तिवारी। भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करना और समय रहते इससे बचाव सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में गुरुवार को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की डोज दी गई। इस दौरान केथोरा, फुटेरा और मगरोन स्थित स्कूलों से आई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वैक्सीन लगवाई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर का एक प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर यह वैक्सीन लगने से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 12 बजे वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बालिकाओं को वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और जागरूक रहने की सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर सूर्यभान चौधरी (बीईओ), बीएमओ डॉ. महेश लोधी, डॉ. नीलेश पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई और बालिकाओं को प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र की सभी पात्र किशोरियों को इसका लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस वैक्सीन के प्रति जागरूक करें और उन्हें समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

