देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ कस्बे के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के सदस्य एसयूवी वाहन से इंदौर और सेंधवा से भोपाल जा रहे थे।


इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर सोनकच्छ के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में इंदौर निवासी भाजपा नेता मयूरेश गर्ग (38) और उनकी रिश्तेदार संगीता अग्रवाल (51) की मौके पर ही मौत हो गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सभी घायलों का इलाज कराया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।


भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, मयूरेश गर्ग इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 में सक्रिय कार्यकर्ता थे और भारतीय जनता युवा मोर्चा में मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।