मैहर,प्रसंत शुक्ला। मैहर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। जहां स्टेट हाईवे 11 पर डेल्हा मोड़ के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सिंह पेट्रोल पंप के सामने एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान सोनवारी निवासी राम गोपाल साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमा तय की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाल लिया गया। हालांकि कई घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



