ग्वालियर। ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग घायल हैं। हादसे में ऑटो ड्राइवर को गंभीर सिर में चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे उस समय हुई, जब ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चश्मदीदों के अनुसार, स्कॉर्पियो ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी और पुलिस से बचते हुए भाग रही थी, तभी उसने ऑटो को टक्कर मार दी। एसपी धर्मवीर यादव ने बताया कि घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है और स्कॉर्पियो चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक एक ही शाक्य परिवार के थे, जो मंदिर दर्शन के बाद घर लौट रहे थे। परिवार में एक बच्चे का जन्मदिन मनाने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

