भोपाल,जीतेन्द्र यादव। किसान कल्याण वर्ष के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों के हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि के अधिग्रहण पर किसानों को बाजार दर का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा, जिससे किसानों को उनकी जमीन के बदले अधिक आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि भूमि के भूअर्जन पर लागू मल्टीफिकेशन फैक्टर को दोगुना करते हुए 2.0 कर दिया गया है। पहले जहां किसानों को बाजार दर का दो गुना मुआवजा मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर चार गुना हो जाएगा। यह निर्णय पूरे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू होगा और इससे बड़ी संख्या में किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।


उन्होंने कहा कि यह फैसला सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों, पुलों, रेलवे और बांध निर्माण जैसे विकास कार्यों के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि पर लागू होगा। इससे केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जाने वाले निर्माण कार्यों में किसानों को अधिक मुआवजा मिल सकेगा, जिससे उनका आर्थिक हित सुरक्षित रहेगा।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में कृषि भूमि के अधिग्रहण पर पहले की तरह ही बाजार दर का दो गुना मुआवजा दिया जाता रहेगा। उन्होंने इस निर्णय को किसानों के हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के विकास के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।