शादी समारोह में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, 15 वर्षीय बैंड कलाकार की मौत

Advertisement
सागर,जीशान खान। गुरुवार देर रात एक विवाह समारोह के दौरान हुई फायरिंग की घटना में 15 वर्षीय बैंड कलाकार की मौत हो गई। यह घटना मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोला कुआं के समीप उस समय हुई, जब बारात एक गार्डन की ओर बढ़ रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी परिवार के विवाह समारोह के तहत बारात गोला कुआं क्षेत्र से मैरिज गार्डन की ओर जा रही थी। बैंड पार्टी सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कथित रूप से कट्टे से फायर कर दिया। गोली बैंड बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। उपस्थित लोगों ने फायरिंग करने के संदेह में एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल विवेक को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया। बीएमसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, गोली सीने के अत्यंत संवेदनशील हिस्से में लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे ड्रोन कैमरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि ड्रोन फुटेज के विश्लेषण से यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग किसने और किन परिस्थितियों में की। बताया गया है कि विवेक बंसल अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और बैंड बजाकर परिवार की आर्थिक सहायता करता था। मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल एवं थाने के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। विवेक के साथी खिलान बंसल के अनुसार, बैंड पार्टी सामान्य रूप से आगे बढ़ रही थी। अचानक तेज आवाज सुनाई दी और विवेक जमीन पर गिर पड़ा। प्रारंभ में किसी को गोली चलने का आभास नहीं हुआ, लेकिन खून बहता देख स्थिति स्पष्ट हुई।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि नाबालिग की मृत्यु गोली लगने से हुई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
