छतरपुर/महाराजपुर, विनोद मिश्रा। शासकीय छत्रसाल महाराजा महाविद्यालय, महाराजपुर में सोमवार 10 अगस्त को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश की स्वतंत्रता के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. सतीश कुमार पाठक, डा नंदकिशोर सोनी, प्रो. अनवारुद्दीन खान, प्रो. विजय शुक्ला, प्रो. कौमदी चौरसिया, डॉ. केसर अहिरवार सहित एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. चंद्रभान सिंह चंदेल ने किया।
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. चंद्रभान सिंह चंदेल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पृष्ठभूमि और इसके उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता को मजबूत करते हैं।
वहीं प्रो. सतीश कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, भारतीय राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से परिचित कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक महाविद्यालय में रंगोली, भाषण, पेंटिंग, तिरंगा सेल्फी एवं तिरंगा रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली और पेंटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, वहीं भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर से तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली के बाद विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व को समझने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।




