छतरपुर, विनोद मिश्रा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 51 फीट ऊंची अष्टधातु से निर्मित भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में धार्मिक आयोजन संपन्न हुए।

शुभ मुहूर्त में सुबह 11:45 बजे पहले पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसके बाद विधिवत महाआरती संपन्न हुई। तत्पश्चात अष्टधातु की विशाल 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से जगतगुरु श्री रामस्वरूपाचार्य महाराज, महंत भगवानदास श्रंगारी, पीताम्बरा पीठ के पुजारी पंडित बृजेश महाराज, महामंडलेश्वर सुरेंद्र दास, चोपरिया सरकार महंत रामेश्वर दास, महंत रामचरन दास एवं महंत शीतल दास सहित कई संत महात्मा उपस्थित रहे।


इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 10 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिदिन कथावाचकों द्वारा कथा का आयोजन हुआ तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। आज कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


आयोजन स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के मन में भगवान हनुमान के प्रति नई आस्था और भक्ति का संचार किया है।