छतरपुर,तौफीक अहमद। सटई नगर में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा भभूतिया टीक मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, बस स्टैंड, थाना परिसर, भारत माता चौक, रैकवार मोहल्ला और तालाब मोहल्ला होते हुए पुनः बस स्टैंड पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बैंड-बाजों व डीजे पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नगर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि मुस्लिम बस्ती में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी फूल बरसाकर साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बजरंग दल समिति द्वारा समुचित व्यवस्थाएं की गईं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी सुनीता बिदुआ अपने दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहीं और व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लेती रहीं। अंत में रामदरबार की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

