सतना, अंबिका केशरी। जिले की भवर ग्राम पंचायत में शासकीय विकास कार्यों में बाधा डालने और सरपंच को झूठे मामले में फंसाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सतना को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत भवर के अंतर्गत कोलहान आदिवासी बस्ती में शासन द्वारा नाली निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। आरोप है कि जैसे ही जनहित से जुड़े इस निर्माण कार्य को शुरू कराया गया, गांव के कुछ असामाजिक और प्रभावशाली तत्वों ने इसमें व्यवधान उत्पन्न करना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष भावना के चलते निर्माण स्थल पर पहुंचे और शराब के नशे में काम रुकवाने का प्रयास किया। इस दौरान गाली-गलौज और हंगामा किए जाने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और आदिवासी बस्ती का विकास कार्य बीच में ही अटक गया।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विकास कार्यों को बाधित करने वाले लोग अब सरपंच को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह पूरा प्रयास पंचायत के विकास कार्यों को ठप करने की मंशा से किया जा रहा है।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। वहीं सरपंच संघ ने भी निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आदिवासी बस्ती में चल रहे विकास कार्य बिना किसी बाधा के पूरे किए जा सकें।

