सागर ,जीशान। सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के जरुआखेड़ा चौकी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवती एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जरुआखेड़ा-बांदरी मार्ग पर एक मोड़ के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि युवती के सिर में गंभीर चोट आई।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चला रहा युवक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। घटना की खबर मिलते ही युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया।


मृतक युवती की पहचान 22 वर्षीय के रूप में हुई है, जिसकी शादी आगामी 21 अप्रैल को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ मातम में बदल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी बीच परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक समाज विशेष का युवक पहले से युवती को परेशान करता था और आशंका जताई जा रही है कि वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।


घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बन गई। इस दौरान कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर माहौल को शांत कराया।


नरयावली थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह जोहरिया के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।