भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा इलाके में एक ऐसी फिल्मी गिरफ्तारी हुई है जिसने पूरी शादी की खुशियों को सन्नाटे में बदल दिया। शहर में 'इल्लीगल' नाम से खूंखार गैंग चलाने वाले कुख्यात बदमाश आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी को पुलिस ने उस वक्त दबोच लिया जब उसके सिर पर सेहरा सजने वाला था। शादी की रस्मों के बीच पहुंची पुलिस को देखकर परिजन और मेहमान दंग रह गए, लेकिन जब आरोपी के कारनामों का कच्चा चिट्ठा खुला तो सबके होश उड़ गए। आरोपी ने अपनी ही शादी के खर्चों को पूरा करने के लिए एक पुजारी के अपहरण की खौफनाक साजिश रची थी और उनसे लाखों की फिरौती वसूलने की कोशिश की थी।
इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पुजारी ने आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद साहस जुटाकर कोहेफिजा थाने में अपनी आपबीती सुनाई। पुजारी का आरोप है कि भूरा हड्डी और उसकी गैंग ने उन्हें अगवा कर एक गुप्त कमरे में बंधक बना लिया था, जहाँ उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपियों ने पुजारी को झूठे रेप केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी और जान छोड़ने के एवज में 8 लाख रुपये की मांग की। अपनी जान बचाने के लिए पुजारी ने फिरौती की पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें इस शर्त पर रिहा किया कि बाकी की रकम पांच किस्तों में चुकानी होगी।
जैसे ही मामला पुलिस के पास पहुंचा, कोहेफिजा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मुख्य सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी सहित तीन बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस की अब तक की पूछताछ में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि यह गैंग संगठित रूप से काम करती थी और मासूम लोगों को हनीट्रैप या फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली करती थी। मुख्य आरोपी को अपनी शादी के लिए बड़ी रकम की दरकार थी, जिसे पूरा करने के लिए उसने पुजारी को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस इस गैंग के अन्य नेटवर्क और पुराने शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जबकि गैंगस्टर दूल्हे को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



