गुनौर,जीतेन्द्र रजक। गुनौर नगर में कई दिनों से चल रहा गजरथ महोत्सव, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं विश्व शांति महायज्ञ मंगलवार को गजरथ भेरी के साथ भव्य रूप से संपन्न हो गया। समापन अवसर पर निकली भव्य गजरथ शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।


गुनौर नगर में आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन में जैन समाज के साथ-साथ नगर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन अवसर पर गजरथ भेरी निकाली गई, जिसमें भगवान की आकर्षक और भव्य झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में भाग लिया और भगवान के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।


शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं और समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान भक्तिमय संगीत और धार्मिक नारों से पूरा नगर धर्ममय वातावरण में डूबा नजर आया। महोत्सव के दौरान पंचकल्याणक प्रतिष्ठा, विविध धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और विश्व शांति के लिए महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश-प्रदेश से पधारे संत-महात्माओं और धर्माचार्यों ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, अहिंसा, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में शांति, नैतिकता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।


आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गजरथ महोत्सव का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना और विश्व शांति का संदेश देना है। कई दिनों तक चले इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, जैन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।