इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर की जूनी इंदौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंजीनियरिंग छात्र को 518 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके नेटवर्क की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, जूनी इंदौर थाना पुलिस को 22 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक जॉनसन आइसक्रीम फैक्ट्री के पास रेलवे पटरी किनारे संदिग्ध हालत में खड़ा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस ने युवक को घेराबंदी कर पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके पास से 518 ग्राम अवैध अफीम बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोविंद पाटीदार बताया, जो तेजाजी नगर क्षेत्र में किराए से रहकर सेज यूनिवर्सिटी में बीटेक (कंप्यूटर साइंस) का छात्र है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने तेजाजी नगर में ‘रॉयल लीफ’ नाम से एक चाय कैफे शुरू किया था, लेकिन व्यवसाय में घाटा होने के कारण उस पर कर्ज बढ़ गया था। साथ ही उसके महंगे शौकों के चलते आर्थिक दबाव और बढ़ गया।
इसी कर्ज को चुकाने के लिए आरोपी ने अपने घर नीमच से अफीम लाकर इंदौर में बेचने की योजना बनाई थी। आरोपी का परिवार मनासा (नीमच) में लाइसेंसशुदा अफीम की खेती करता है। आरोपी उसी अफीम को अवैध रूप से कॉलेज छात्रों और अपने कैफे के ग्राहकों के बीच खपाने के उद्देश्य से इंदौर लेकर आया था।
हालांकि, वह अपने मंसूबों में सफल हो पाता उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक किन-किन लोगों को अफीम की सप्लाई कर चुका है और उसके इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आनंद कलादगी, डीसीपी – “मुखबिर से सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से अफीम बरामद हुई है। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। मामले में आगे जांच जारी है।”




