'प्रेम-सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मनाया पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन्मदिन

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपना 67वां जन्मदिन 'प्रेम-सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने परिवार के साथ भोपाल के स्मार्ट सिटी पहुंचकर पौधारोपण किया और उसके बाद अपने मामा के घर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर विशेष संकल्प लेते हुए कहा कि जन्मदिन का अर्थ जीवन का एक और साल पूरा होना है, अब बचे हुए समय में लोगों का अधिक से अधिक भला कैसे किया जाए, यही सोचना है। उन्होंने सभी से प्रेम करने और सेवा के माध्यम से प्रेम प्रकट करने की अपील की। उन्होंने अपने विभाग में फूल-मालाओं, हार की परंपरा को पहले ही समाप्त कर दिया है और अब सेवा पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में दिव्यांगजनों को बैटरी वाली ट्राइसाइकिल भेंट की, जिससे उनकी गतिशीलता बढ़ेगी और वे स्वरोजगार भी शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा, उन्होंने 'मामा चलित अस्पताल' की शुरुआत की घोषणा की, जिसमें डॉक्टर और स्टाफ के साथ मोबाइल यूनिट द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं, इमरजेंसी देखभाल और दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिवराज चौहान ने 'मामा कोचिंग क्लासेस' की भी शुरुआत करने का ऐलान किया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे उच्च स्तरीय निशुल्क कोचिंग प्राप्त कर सकें और बेहतर भविष्य बना सकें। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे अधिक से अधिक लोगों की सेवा कर उनके जीवन को आसान बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने समर्थकों से अपील की कि जन्मदिन पर होर्डिंग, पोस्टर या उपहार देने के बजाय एक वृक्ष लगाएं और उसकी फोटो अपलोड करें, यही उनके लिए सबसे बड़ी भेंट होगी।
