इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को कथित रूप से अश्लील मैसेज भेजने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंबिकापुरी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग बेटी को पड़ोस में रहने वाले विश्व प्रताप सिंह ठाकुर ने मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजे थे। इसी शिकायत को लेकर महिला अपने पति और बेटे के साथ आरोपी के घर पहुंची थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विश्व प्रताप सिंह ठाकुर, शुभ, दादा, तनिष और उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए लकड़ी और स्टंप से हमला कर दिया। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। मारपीट के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विवाद और मारपीट की तस्वीरें कैद होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में एरोड्रम थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि पीड़ित पक्ष पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
वहीं एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

