सागर,जीशान अंसारी। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 8वें एआईयू अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय जश्न-ए-कव्वाली प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद में 1-2 अप्रैल को आयोजित हुई, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में डॉ. अवधेश प्रताप सिंह तोमर एवं स्तुति खम्परिया के नेतृत्व में टीम ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। टीम के प्रतिभागियों में हिमांश खरारे, अभिरुद्र तिवारी, विधान चौबे, गोविंद अंश तिवारी, नीलम मिश्रा, विकास सिंह, शुभम कुशवाह, शुलभ विश्वकर्मा, मोहित चतुर्वेदी और मनीष विश्वकर्मा शामिल रहे। तबले पर शोधार्थी गगन राज और ढोलक पर अरविंद सेन ने उत्कृष्ट संगत देकर प्रस्तुति को और भी आकर्षक बनाया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाई. एस. ठाकुर, कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय, डोसा प्रो. डी.के. नेमा, सांस्कृतिक परिषद समन्वयक डॉ. राकेश सोनी, विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक अहिरवार एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल स्वर्णकार ने टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

