भोपाल। मध्यप्रदेश में महावीर जयंती के सरकारी अवकाश को लेकर चल रहे भ्रम के बीच शासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 29 मार्च को जारी आदेश में जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अवकाश घोषित करने की छूट दी गई है। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों से 31 मार्च को महावीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित होता रहा है, लेकिन इस बार विभिन्न सामाजिक संगठनों के ज्ञापन के बाद सरकार ने जिलों को 30 मार्च 2026 को भी अवकाश घोषित करने की अनुमति दे दी है। यानी अब संबंधित जिले अपनी सुविधा और उत्सव की तारीख के अनुसार निर्णय ले सकेंगे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन जिलों में महावीर जयंती 31 मार्च को ही मनाई जाएगी, वहां पहले से घोषित अवकाश ही मान्य रहेगा और अलग से आदेश जारी करने की जरूरत नहीं होगी। इसी क्रम में भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने 30 मार्च को अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं ग्वालियर, जबलपुर और सीहोर सहित कई जिलों में भी 30 मार्च को ही सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

