टीकमगढ़,मोहम्मद मोहसिन। जिले के छीपोन गांव में आयोजित मेले से लौट रहे एक युवक पर दो अज्ञात हमलावरों ने चलती बाइक पर ही चाकू से भीषण हमला कर दिया। हमले में युवक का कंधा गंभीर रूप से घायल हो गया और चाकू कंधे में फंस गया। डायल 112 की त्वरित मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर चाकू निकाला और उसका इलाज शुरू किया। घायल युवक फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला छीपोन गांव का है। राधापुर गांव निवासी बहादुर लोधी कल रात मेले देखने के लिए छीपोन गांव पहुंचा था। मेले में दो झूला संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी। इस विवाद के दौरान बहादुर लोधी भी घटनास्थल पर मौजूद था। विवाद खत्म होने के बाद जब बहादुर लोधी अपनी बाइक से राधापुर लौट रहा था, तभी दो युवक उसका पीछा करते हुए आए और चलती बाइक पर ही उसके कंधे पर धारदार चाकू से वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से बौखलाए बहादुर लोधी का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। हमलावरों की मोटरसाइकिल भी सड़क पर गिर गई, लेकिन वे उसे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पैदल ही मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल बहादुर को कंधे में फंसे चाकू के साथ तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सर्जरी कर चाकू निकाला और घायल का इलाज शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

