छतरपुर,जीतेन्द्र तिवारी। जिले की चंदला तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गनपतखोड़ा के ग्राम टिकरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत से फसल ले जा रहे किसान की पूरी मेहनत आग में जलकर राख हो गई। घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकरी निवासी किसान नारायण राजपूत अपने खेत से कटाई के बाद फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर थ्रेसिंग के लिए खरियाना ले जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली साहू की चक्की के पास पहुंची, ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे होने के कारण फसल उनसे टकरा गई।
टकराते ही सूखी फसल में चिंगारी भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरी ट्रॉली आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका और पूरी फसल जलकर खाक हो गई। इस हादसे में किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में झूलते बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

