ग्वालियर। ग्वालियर में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति को जेल से बाहर निकालने का झांसा देकर दो युवकों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, महिला का पति जबलपुर जेल में बंद है। इसी दौरान पति का दोस्त अंकित महिला के घर पहुंचा और कहा कि उसने बड़े वकील से बात की है, जो जमानत के लिए 2 लाख रुपए मांग रहा है। महिला ने किसी तरह पैसे जुटाकर आरोपी को दे दिए।


पीड़िता का आरोप है कि पैसे लेने के बाद अंकित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी दी। महिला का कहना है कि आरोपी कई बार उसके घर आकर उसका शोषण करता रहा। बाद में जब इसकी जानकारी उसके बहनोई विवेक सिंह को लगी, तो उसने भी महिला के साथ दुष्कर्म किया। दोनों आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे।


परेशान होकर महिला ने अपनी सास को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुरानी छावनी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अंकित की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि अंकित कांग्रेस के एक प्रकोष्ठ से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।