Monday, February 23, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशविदिशावक्फ की जमीन पर 'अवैध' निर्माण को लेकर विवाद; मुस्लिम समाज ने SDM को सौंपा ज्ञापन

वक्फ की जमीन पर 'अवैध' निर्माण को लेकर विवाद; मुस्लिम समाज ने SDM को सौंपा ज्ञापन

Post Media
News Logo
PeptechTime
19 फ़रवरी 2026, 08:34 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

विदिशा, वाजिद कुरैशी। सिरोंज तहसील वक्फ कमेटी और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। कमेटी का आरोप है कि किड़ी मोहल्ला स्थित उत्कृष्ट स्कूल के सामने मौजूद कब्रिस्तान की भूमि, जो मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड की संपत्ति है, उस पर राजीव जैन नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है। समाज जनों ने इस निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की शांति और सौहार्द बना रहे।


रजिस्ट्री और नामांतरण पर उठाए सवाल

वक्फ कमेटी के पदाधिकारियों ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के राजपत्र 1989 के क्रमांक 144 के अनुसार, खसरा नंबर 1440 (रकबा 0.228 हेक्टेयर) स्पष्ट रूप से वक्फ बोर्ड की कब्रिस्तान संपत्ति के रूप में दर्ज है। आरोप है कि राजीव जैन ने कुछ व्यक्तियों के साथ मिलीभगत कर गुपचुप तरीके से 'सर्वोदय शिक्षण समिति' के माध्यम से इसकी रजिस्ट्री और नामांतरण करा लिया है। कमेटी का तर्क है कि वक्फ बोर्ड की अनुमति या जानकारी के बिना किसी भी वक्फ संपत्ति का हस्तांतरण या निर्माण कार्य कानूनी रूप से शून्य है।


पुरानी घटनाओं से बढ़ा आक्रोश: पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई थीं कब्रें

ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि को लेकर पूर्व में भी विवाद हो चुका है। कुछ समय पहले इस कब्रिस्तान की जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई (पिलाओ) करवाई गई थी, जिससे दर्जनों कब्रें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उस समय मुस्लिम समाज में भारी रोष व्याप्त हुआ था और बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया था। उस घटना के बाद पंचनामा बनाया गया था और संबंधित दोषियों पर मामला भी दर्ज हुआ था।


बड़ी अनहोनी की आशंका और प्रशासन को चेतावनी

मुस्लिम समाज ने प्रशासन को सचेत किया है कि यदि निर्माण कार्य जल्द नहीं रुकवाया गया, तो फिर से विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। समाज जनों का कहना है कि कब्रिस्तान से जुड़ी धार्मिक भावनाओं के चलते लोगों में गुस्सा है और कोई भी अप्रिय घटना या अनहोनी हो सकती है, जिसकी पूरी जवाबदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान तहसील वक्फ कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)