सागर। सागर में गैस की किल्लत और गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला शहर कांग्रेस के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता सिर पर गैस सिलेंडर रखकर पैदल मार्च करते हुए नजर आए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर में गैस की सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतराल बढ़ा दिया गया है और गैस की नियमित सप्लाई नहीं हो पा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भी कई जगहों पर काम नहीं कर रही है, जिसके कारण लोगों को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में बने हालातों से यह साफ हो गया है कि सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार नहीं है। यदि सरकार के पास पर्याप्त गैस भंडारण होता, तो लोगों को इस तरह गैस के लिए लाइनों में नहीं लगना पड़ता।

कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे ने कहा कि गैस की समस्या को लेकर जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस संकट के समय भी मुनाफा कमाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत से साफ हो गया है कि सरकार की नीतियां आम जनता के हित में नहीं हैं। वहीं कांग्रेस नेता मुकुल पुरोहित ने कहा कि सरकार को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।