मैहर, प्रशांत शुक्ला। नगर में पेयजल संकट, गंदगी और बदहाल सड़कों जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर की जनता लंबे समय से पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था की बदहाली और टूटी एवं खुदी हुई सड़कों की समस्या से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) प्रिंस अग्रवाल तथा नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर की विभिन्न नागरिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।