बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने मंगलवार को बीना स्थित बीपीसीएल रिफाइनरी का संयुक्त दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने रिफाइनरी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रिफाइनरी विस्तार परियोजना, सीएसआर गतिविधियों तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में रिफाइनरी विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और स्थानीय स्तर पर संचालित किए जा रहे सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने आगामी योजनाओं एवं परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
रिफाइनरी भ्रमण के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया बीना रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां क्षेत्रीय विधायक निर्मला सप्रे ने उनसे मुलाकात की। विधायक ने बीना क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, नो डेवलपमेंट जोन, रिंग रोड निर्माण तथा अवैध खनन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि नो डेवलपमेंट जोन के संबंध में रिफाइनरी प्रबंधन के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। वहीं अवैध खनन के मामले में उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और संबंधित मामलों की जांच कराई जाएगी।
विधायक निर्मला सप्रे ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर के समक्ष बीना के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को रखा है। साथ ही क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।




