कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सतवास किटी रेस्टहाउस में ली राजस्व समीक्षा बैठक

Advertisement
देवास, हेमंत गुर्जर। देवास जिले के सतवास क्षेत्र में नर्मदा नदी के किनारे स्थित किटी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में शुक्रवार को जिला स्तरीय राजस्व समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने की। बैठक में मुख्य रूप से नामांतरण, बंटवारा तथा विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों की अलग से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा फतेहगढ़ घाट क्षेत्र में रेत से संबंधित अवैध गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए।
बैठक में एसडीएम दलीप कुमार सहित विभिन्न तहसीलदार, अन्य विभागीय अधिकारी और संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक समाप्त होने के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने किटी घाट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किटी घाट पर बोट सवारी का आनंद लिया और स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
