छतरपुर, संजय अवस्थी। जिलेभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक आस्था और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की नई ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।


नई ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। तय समय पर ईमाम द्वारा ईद की विशेष नमाज अदा कराई गई, जिसके बाद मुल्क में अमन, चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। इस दौरान समाज के लोगों ने आपसी सौहार्द और इंसानियत का संदेश दिया।


शहर की प्रमुख मस्जिदों एवं ईदगाहों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


ईद के मौके पर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों में पारंपरिक व्यंजन बनाए और रिश्तेदारों एवं मित्रों से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां साझा कीं।