पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है, जिसके बाद उनके राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। एनडीए की बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।


इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब नई सरकार राज्य का कार्यभार संभालेगी और उन्हें उनका पूरा सहयोग रहेगा।


सत्ता परिवर्तन से पहले आज नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि 2005 से अब तक उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार बिहार के विकास के लिए काम किया और आगे भी नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे।


वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी नीतीश कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अब बिहार में नई सरकार के गठन और भविष्य की नीतियों पर सबकी नजरें टिकी हैं।