ईसानगर(शिवाकांत मिश्रा)। ग्राम पंचायत भवन ईसानगर में नवांकुर संस्था के मार्गदर्शन में आकाश युवक संस्थान समिति द्वारा पांच प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों के लिए क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में ग्राम ईसानगर, कुरा, नदगांव, बंधी कला और सलैया की प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर ईसानगर के ग्राम पंचायत भवन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण कर किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ऑफिसर शुभम शुक्ला, हेल्थ डिपार्टमेंट से अजय प्रताप सिंह, जन कार्यक्रम परिषद से कृष्णकांत, सीएम सीएलडीपी पारदर्शिता से हेमंत रैकवार तथा आकाश युवक संस्थान समिति के अध्यक्ष मनीष जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष मनीष जैन ने संस्था की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं हेमंत रैकवार ने विकास की अवधारणा और उसके विभिन्न चरणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मनीष जैन ने स्वयंसेवी संगठनों के गठन और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मनीष जैन के नेतृत्व में सभी अतिथियों के करकमलों से नवांकुर सखियों एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए। अंत में सफल आयोजन के लिए आकाश युवक संस्थान समिति छतरपुर के अध्यक्ष मनीष जैन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

