हटा, जिमी नगरिया। गैसाबाद थाना क्षेत्र के मुहरई गांव में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई। मृत भैंस गांव निवासी दीनदयाल गुड़ारे की बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली पोल के पास लगे स्टे तार और आसपास फैले करंट की चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। पशुपालक दीनदयाल गुड़ारे ने घटना के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए गैसाबाद थाना में शिकायत दर्ज कराई है तथा उचित मुआवजे की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में करंट फैलने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व जग्गू कोतवाल सहित अन्य पशुपालकों के मवेशियों की भी करंट लगने से मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि विद्युत लाइनों और उपकरणों की नियमित जांच नहीं होने से ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।