छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। हर्रई विकासखंड के ग्राम बम्होरी के वीर सपूत एवं बीएसएफ जवान प्रदीप सिंगोतिया का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जवान का पार्थिव शरीर जब उनके गृह ग्राम बम्होरी पहुंचा तो परिजनों सहित ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
बीएसएफ के जवानों ने अपने साथी को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए और दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप सिंगोतिया अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद निष्ठावान और समर्पित थे। उन्होंने देश सेवा के साथ-साथ अपने क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
अंतिम संस्कार के दौरान “भारत माता की जय” और “वीर जवान अमर रहे” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। नम आंखों से लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी और उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

