नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के पास बुधवार रात एक प्राइवेट स्लीपर AC बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर दूर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात साढ़े 9 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान करीब दो घंटे तक चला। आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जल गई और शव बुरी तरह झुलसने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। हादसे के बाद दिल्ली-आगरा लेन पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
बताया गया कि बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी और इसका संचालन मध्य प्रदेश से जुड़ा है। पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हमीरपुर निवासी एक यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर ने तत्काल बस नहीं रोकी, जिसके बाद यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया।
बस यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। नींद खुलने पर बस में अफरा-तफरी मची हुई थी और चारों तरफ धुआं भर गया था। यात्रियों के चिल्लाने के बीच उन्होंने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई यात्री अंदर ही फंसे रह गए।














