भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलकर "वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय" किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (एक्जीक्यूटिव काउंसिल) की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तित करने की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।


जानकारी के अनुसार, कार्य परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव अब राज्य सरकार को भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा, जिसके बाद नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर बैठक में मतभेद भी देखने को मिले। कार्य परिषद की सदस्य एवं डीन ताहेरा अब्बासी ने विश्वविद्यालय का नाम बदलने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने इस विषय पर अपने विरोध के कारण भी परिषद के समक्ष रखे।


विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रस्ताव को नियमानुसार राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही नाम परिवर्तन को अंतिम रूप दिया जा सकेगा।


विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर शैक्षणिक एवं सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर विभिन्न पक्षों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ सकती हैं।