छतरपुर,संदीप यादव। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कर्री में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक घर के बाहर खड़े होकर ईंट से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक गुस्से में आकर ईंट उठाकर सामने खड़े व्यक्ति पर हमला कर रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग स्थिति को संभालने और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद आपसी कहासुनी के बाद बढ़ा, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में डर का माहौल बना रही हैं। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

