सागर,जीशान खान । जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 वर्षों से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी स्थाई वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल राशिद पिता अब्दुल वाहिद, निवासी शनिचरी चौगना, थाना गोपालगंज के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 से फरार था, जिस पर पुलिस महानिरीक्षक सागर द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी हत्या के एक गंभीर मामले में जेल में बंद था। उपचार के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलते हुए गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप एवं थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्यों और मजबूत सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी के जयपुर (राजस्थान) में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद उप निरीक्षक नीरज जैन के नेतृत्व में टीम को जयपुर भेजा गया। पुलिस टीम ने सिविल ड्रेस में 4-5 दिनों तक निगरानी करते हुए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया गया, जिसकी गतिविधियां आरोपी से मेल खाती थीं। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुद को “मदन” बताकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ और सत्यापन में उसकी असली पहचान अब्दुल राशिद के रूप में सामने आई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस की रणनीति, तकनीकी दक्षता और मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।



