छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। भगवां थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी घुवारा अंतर्गत भेल्दा रोड स्थित जमनारे नाले की पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद डायल-112 और घुवारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है और वह नाले तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।
घुवारा चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार ने बताया कि शव मिलने के करीब 10 घंटे बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा लगातार पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




