रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत चिकान टोला (वार्ड क्रमांक 30) में शुक्रवार की शाम उस वक्त कोहराम मच गया, जब गरीबी रेखा की सूची और राशन कार्ड को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने न सिर्फ आम नागरिकों बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचीं स्थानीय महिला पार्षद और उनके परिजनों पर भी बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।


'आपसी बातचीत' बनी हमले का बहाना घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब गुल मोहम्मद अंसारी के किराएदार समीर और आतिफ अंसारी आपस में चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आलेकान और उसके साथी ने आरोप लगाया कि उन पर छींटाकशी की गई है। हालांकि, पीड़ितों का कहना है कि वे अपनी निजी बातचीत कर रहे थे। इसी गलतफहमी को आधार बनाकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।


पार्षद ने की शांत कराने की कोशिश, पर बरसाए डंडे

जैसे ही विवाद बढ़ा, स्थानीय लोगों के साथ वार्ड क्रमांक 30 की पार्षद रुकसाना अंसारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मामला सुलझाने और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर पहले से ही आक्रोशित थे। चश्मदीदों के मुताबिक, पाले खान, अनवरुल हक, अनस, रहबर और रईस अंसारी ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने पार्षद और उनके परिवार को निशाना बनाते हुए बेसबॉल के डंडों से पीटना शुरू कर दिया।


इस हमले में पार्षद रुकसाना अंसारी सहित छह लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


"राशन कार्ड और गरीबी रेखा की सूची को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"

पुलिस प्रशासन, रीवा