टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के चकरा क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और चाकू से हमला किए जाने की भी बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


पीड़ित दीपा किन्नर ने आरोप लगाया है कि सपना, तनु, सुनेना सहित अन्य साथियों ने उस पर हमला कर मारपीट की। दीपा के अनुसार विवाद के दौरान चाकू से हमला किया गया, जिसमें उसके गाल पर चोट आई है। घायल अवस्था में उसे थाने पहुंचाया गया, जहां पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई।


घटना की सूचना मिलते ही मामला कोतवाली थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।