सतना,अंबिका केशरी। शहर की पुष्पराज कॉलोनी में बीती रात हुई एक घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि सुरसा पासी और मनीष कोल नामक व्यक्तियों द्वारा यहाँ देर रात तक अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराई जाती है। यही वजह है कि यहां बड़ी संख्या में बाहरी लोग भी पहुंचते हैं जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं।
बीती रात स्थिति उस समय बिगड़ गई जब शराब बेचने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव में बदल गया जिससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कुछ लोग सड़क किनारे चबूतरे पर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं और फिर विवाद शुरू होता दिख रहा है।
कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में डर लगता है। घटना के दौरान डायल 112 पर सूचना दी गई लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी।
इस दौरान सुरसा पासी के यहां छापा मारकर 26 पाव अवैध शराब बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही शांति भंग करने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
