कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी रणभेरी फूंक दी है। इस सूची में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला नाम नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का है, जिन्हें पार्टी ने एक साथ दो महत्वपूर्ण सीटों— नंदीग्राम और भवानीपुर से मैदान में उतारा है। गौर करने वाली बात यह है कि ये दोनों ही सीटें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ मानी जाती हैं। सुवेंदु ने 2021 में नंदीग्राम में ममता को शिकस्त दी थी, जिसके बाद अब वे उनकी वर्तमान सीट भवानीपुर में भी उन्हें चुनौती देंगे।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 12 मार्च 2026 को माननीय नितिन नवीन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह सहित समिति के सभी वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर, समिति ने उम्मीदवारों के चयन पर गहन मंथन के बाद अपनी पहली आधिकारिक सूची पर स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस सूची में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी वरीयता दी गई है, जिससे राज्य की चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है।
बंगाल: दिग्गजों पर दांव और कड़ा मुकाबला
भाजपा की पहली लिस्ट में सुवेंदु के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से टिकट दिया गया है। वहीं, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के गढ़ डायमंड हार्बर में सेंध लगाने के लिए दीपक कुमार हालदार को उतारा गया है।
नंदीग्राम: सुवेंदु अधिकारी बनाम टीएमसी (संभावित ममता बनर्जी)
भवानीपुर: सुवेंदु अधिकारी का सीधा मुकाबला ममता बनर्जी के गढ़ में।
असनसोल दक्षिण: अग्निमित्रा पॉल को फिर से मौका।
ममता के पास इतिहास रचने का मौका
यदि इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) जीतती है, तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनकर देश की पहली महिला नेता होंगी जिन्होंने यह कीर्तिमान स्थापित किया है। हालांकि, भाजपा की इस आक्रामक लिस्ट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार बंगाल की लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि साख की भी है।
देखिए पूरी सूची












