कटनी, सुमित पांडे। कटनी में सुबह-सुबह चेन स्नेचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। रंगनाथ थाना क्षेत्र की डन कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को धक्का देकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि उमरिया निवासी हामना खातून अपने बेटे के साथ इलाज के लिए कटनी आई थीं और डन कॉलोनी स्थित डॉ. सौरभ चौधरी के अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे वह अस्पताल के बाहर टहल रही थीं, तभी दो अज्ञात बाइक सवार पहुंचे और झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन छीनकर भाग निकले।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज में बदमाश भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। CSP नेहा पचीसिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



