छतरपुर, शिवम सोनी। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगत ढाबा के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


जानकारी के अनुसार राजपुरा निवासी हरि यादव (50) मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हरि यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए बड़ामलहरा अस्पताल पहुंचाया।


डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन नंदलाल यादव ने बताया कि उपचार के दौरान हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।