बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। शहर के भीम वार्ड स्थित एक लॉज में ठहरे 25 वर्षीय बीटेक छात्र का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमन प्रजापति (25) पुत्र जसराम प्रजापति, निवासी जिला अशोकनगर के रूप में हुई है। अमन ने 2 जुलाई को भीम वार्ड स्थित एक लॉज में कमरा लिया था। उसने लॉज संचालक को बताया था कि वह प्रयागराज जाने के लिए यहां रुका है।
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जब होटल कर्मचारी उसे जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां अमन फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद लॉज संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर प्रधान आरक्षक सुनील ठाकुर एवं आरक्षक प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कर्मचारियों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। शनिवार सुबह पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमन सागर में अपने भाई के साथ रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन पहले वह नाराज होकर हॉस्टल से चला गया था, जिसके बाद सागर के एक थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

