छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के महोबा रोड स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को पति-पत्नी के बीच बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक महिला ने अपने पति की सरेआम पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने सड़क पर ही पति को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी होती रही।
घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया, जिसके बाद मामला शांत हो सका।
वायरल वीडियो में महिला अपने पति पर गुस्सा जाहिर करते हुए मारपीट करती दिखाई दे रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।

