Wednesday, February 4, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेश उमरियारहठा में बाजार के दिन बड़ी चोरी, सराफा कारोबारी से 6 लाख का माल पार

रहठा में बाजार के दिन बड़ी चोरी, सराफा कारोबारी से 6 लाख का माल पार

Post Media
News Logo
Peptech Time
4 फ़रवरी 2026, 08:38 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

उमरिया। उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रहठा में मंगलवार शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान एक बड़ी और सुनियोजित चोरी की वारदात सामने आई है। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी का जेवरात से भरा बैग चोरी कर लिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सराफा कारोबारी कौशल साहू, निवासी बेलगांव जिला डिंडौरी, रोज की तरह रहठा में स्वर्गीय नरोत्तम काछी की दुकान में आभूषणों का व्यवसाय कर रहे थे। मंगलवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी। शाम के समय जब व्यापारी दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक महिला ग्राहक दुकान पर आई और बातचीत में उन्हें उलझा दिया।


इसी दौरान पहले से ताक में बैठे एक बदमाश ने मौके का फायदा उठाते हुए जेवरात से भरा बैग उठा लिया और भीड़ में चुपचाप फरार हो गया। जब तक व्यापारी को चोरी का आभास हुआ, तब तक बदमाश मौके से निकल चुका था। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा सटीक आकलन किया जा रहा है।


घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। पीड़ित व्यापारी ने नौरोजाबाद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

एसडीओपी शिव चरण बोहित ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।


इस घटना के बाद रहठा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बाजार के दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)