मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। दीपावली के पावन पर्व के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को विभाग की टीम ने महाराजपुर स्थित अर्पिता डेयरी पर औचक छापामार कार्रवाई करते हुए 300 किलो संदिग्ध मावा अपने कब्जे में लिया। जब्त किए गए इस मावे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। त्योहारी सीजन में इस बड़ी कार्रवाई से मिलावट का कारोबार करने वाले अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता और दिनेश निम के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर में रखे मिश्रित दूध और मावे की मौके पर ही रैपिड टेस्टिंग की। प्राथमिक जांच के बाद टीम ने मावे और दूध के आधिकारिक नमूने सील कर दिए, जिन्हें गुणवत्ता की विस्तृत और सटीक जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मावे और दूध की शुद्धता तथा उसमें मिलाए गए तत्वों की असल स्थिति साफ हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इस तरह का सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।















