इंदौर,रविकांत वर्मा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सांवेर क्षेत्र के ग्राम बड़ोदिया खान में एक कुख्यात शराब तस्कर के ठिकाने पर छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि ग्राम बड़ोदिया खान में रहने वाला महेश उर्फ एनडी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उसके घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी और मौके से कुल 101 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
जब्त की गई शराब में 558 लीटर देशी मदिरा, 315 लीटर विदेशी स्प्रिट और 48 लीटर बीयर शामिल है। कुल मिलाकर 921 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से संगठित रूप से अवैध कारोबार चला रहा था।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महेश उर्फ एनडी पहले भी जिला बदर की कार्रवाई झेल चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसने अवैध शराब के धंधे को नहीं छोड़ा और फिर से सक्रिय हो गया। विभाग अब आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन की सख्ती को लेकर आम लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया है।


