उज्जैन,ललित शंकर धाकड़। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने मंदसौर जिले की सुवासरा तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी हरीश पाटीदार पर किसान से जमीन के नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी हरीश पाटीदार ने किसान से नामांतरण कराने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता पहले ही 10 हजार रुपये की पहली किश्त आरोपी को दे चुका था। शेष 30 हजार रुपये की रकम लेते समय आज लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने ट्रैप कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली है। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

